देश

यूपी समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, इन 11 राज्यों में होगी भारी बारिश, IMD की चेतावनी

नई दिल्ली
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। नॉर्थ उत्तर प्रदेश, नॉर्थ राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में मिनिमम टेम्प्रेचर छह से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।

इसके अलावा, कम-से-कम 11 राज्यों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में 16 और 17 दिसंबर, दो दिन तक भारी बारिश होने जा रही है। सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में 13 दिसंबर को तेज बारिश होगी। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश में आज ओले गिरेंगे। वहीं, 15-17 दिसंबर के बीच तमिलनाडु, केरल, माहे में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है, जबकि साउथ तमिलनाडु में 16 और 17 दिसंबर और केरल में 17 दिसंबर को बहुत भारी बारिश होने जा रही है। कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा, उत्तरी उत्तर प्रदेश के इलाकों में 14 और 15 दिसंबर को सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसके अलावा, त्रिपुरा में 14 दिसंबर को घना कोहरा छाया रहेगा।

श्रीनगर में पारा लुढ़ककर शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा
वहीं, श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। कश्मीर में शीतलहर जैसे हालात के बीच बीती रात घाटी में पारा जमाव बिंदू से कई डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। उन्होंने कहा कि पिछली रात जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। रविवार को यहां का तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में शामिल अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि बारामूला जिले में प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

Pradesh 24 News
       
   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button