राजनीति

संगठनात्मक बदलाव आधा दर्जन जिला अध्यक्ष को बदलने की तैयारी

भोपाल

चुनावी साल में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा संगठनात्मक बदलाव करेंगे। अब तक 15 जिला अध्यक्षों को बदलने के पश्चात अब होली के बाद आधा दर्जन जिलों के जिला अध्यक्षों को बदलने की तैयारी है। इसके अलावा कई प्रदेश पदाधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव होना तय माना जा रहा है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल बिठा पाने में नाकाम और संगठनात्मक गतिविधियों में वीक परफार्मेंस, निकाय चुनाव में पार्टी की गाइडलाइन का उल्लंघन करने समेत अन्य मामलों में जिम्मेदार माने जा रहे जिला अध्यक्षों पर एक्शन लेने की तैयारी भाजपा प्रदेश संगठन ने की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष शर्मा जल्द ही मालवा, निमाड़, महाकौशल क्षेत्र के आधा दर्जन जिला अध्यक्षों को होली के त्यौहार के बाद हटाने का निर्णय ले सकते हैं।

चुनावी साल में शुरू हो रहे बूथ विस्तारक अभियान 2.0 के पहले संगठन को सशक्त बनाने के लिए यह फैसला लिया जाएगा। चूंकि 14 मार्च से यह अभियान शुरू होने वाला है। इसलिए यह बदलाव अगले एक सप्ताह में होना तय माना जा रहा है। इसके अलावा कुछ प्रदेश पदाधिकारियों को दूसरे दायित्व मिलने के बाद वे संगठन के काम में अधिक समय नहीं दे पा रहे हैं। इन हालातों में तीन से चार प्रदेश पदाधिकारियों के दायित्वों में भी फेरबदल के कयास लगाए जा रहे हैं।

अब तक यहां हो चुका है बदलाव
अक्टूबर 2022 में  भिंड, गुना, ग्वालियर नगर, अशोकनगर, कटनी और नवम्बर 2022 में झाबुआ, अलीराजपुर, सिंगरौली, शाजापुर के जिलाध्यक्ष बदले गए थे। इसके बाद दिसम्बर 2022 में बीजेपी ने सीधी, डिंडोरी और आगर मालवा और इस साल जनवरी में सतना, फरवरी में अनूपपुर, राजगढ़ के जिला अध्यक्ष बदले थे। राजगढ़ और अनूपपुर में तो पूर्व जिला अध्यक्षों को फिर से जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा संभागीय प्रभारियों में भोपाल, जबलपुर, शहडोल, उज्जैन, चंबल संभाग के प्रभारी बदले जा चुके हैं।

बहनों के लिए दिवाली लेकर आई है होली: वीडी
भोपाल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रदेश के नागरिकों से इको फ्रेंडली होली मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सभी लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए गोबर से बने हुए कंडे और गौ काष्ठ से ही होली जलाएं। उमंग और उत्साह के पर्व होली पर सभी प्रदेशवासियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व हमारे लिए प्रदेश की बहनों के लिए लाडली बहना योजना की सौगात लेकर आया है। इसलिए प्रदेश में होली दिवाली के रूप में मन रही है।

Pradesh 24 News
       
   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button