राजनीति

मल्लिकार्जुन खरगे ने कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया, कुत्ते से की बूथ कार्यकर्ताओं की तुलना

नई दिल्ली
कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में शनिवार को न्याय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र के मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'सबका साथ सबका विकास तो मोदी ने नारा दिया है बस, लेकिन उन्होंने सबका सत्यानाश कर दिया।'इसके साथ ही खरगे ने बूथ एजेंट पर अपना बयान जारी कर कहा कि 'जो भी बूथ एजेंट बनाते है वो भी जरा सोच कर बनाओ। हमारे यहां एक कहावत है कि 'जैसे कुत्ता खरीदते वक्त देख जाता है कि सही से भौंकता है या नहीं, वैसे ही भौंकने वाले कार्यकर्ताओं को बूथ का काम सौंपना चाहिए।'

भाजपा ने बताया शर्मनाक
खरगे के इस बयान को भाजपा IT सेल प्रमुख अमित मालवीय ने शर्मनाक बताया है। उन्होंने खरगे की वीडियो को रीट्वीट कर लिखा, 'जिस पार्टी का अध्यक्ष अपने संगठन की सबसे मज़बूत और महत्वपूर्ण कड़ी “बूथ एजेंट” को “कुत्ता” बनाकर उसका टेस्ट लेना चाहता है तो उस पार्टी की दुर्गति होनी तय ही है। शर्मनाक।'

मोदी जी के दिमाग में डर
खरगे ने मोदी सरकार पर हमला बोला और कहा 'गुरुगोविंद सिंह जी का संदेश है-किसी भी इंसान को ना तो डरना चाहिए और ना ही डराना चाहिए। डर आपके दिमाग में होता है। मोदी जी के दिमाग में भी डर है, तभी वह डराते रहते हैं। इसलिए ना हम डरेंगे और ना नहीं डराएंगे। उन्होंने कहा कि आज हर घंटे देश का एक किसान और दो नौजवान आत्महत्या कर रहे हैं। आम आदमी पर टैक्स और GST का भारी बोझ है। मोदी सरकार अमीरों को करोड़ो रुपए कर्जा दे रही है, लेकिन किसानों को देने के लिए इनके पास पैसा नहीं हैं।'

लोगों के भावनाओं के साथ खेलती रही BJP
खरगे ने कहा, 'पिछले 10 वर्षों में BJP सरकार सिर्फ भारत के लोगों की भावनाओं के साथ खेलती रही। इन्होंने छोटे व्यापारियों को मदद का भरोसा दिया, लेकिन कर्ज केवल BJP-RSS के लोगों को दिया। गरीब को लोन मिलता ही नहीं है, क्योंकि इन्होंने बैंक वालों को भी डराकर रखा है। उन्होंने आगे कहा कि 'आज अगर कोई अन्याय के विरुद्ध लड़ता है तो FIR हो जाती है। PM मोदी विपक्ष को ED, CBI, IT से डराकर राज करना चाहते हैं। अगर MP, MLA विपक्ष के हैं तो वह कलंकित होते हैं, लेकिन अगर वो BJP में शामिल हो जाएं तो वह साफ हो जाते हैं।'

सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली
खरगे ने सरकारी विभागों में खाली पड़े पद पर कहा कि 'आज देश के सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली हैं। PM मोदी नौकरियां इसलिए नहीं दे रहे हैं, क्योंकि इसमें आरक्षण से SC, ST और OBC के लोग आएंगे। आज हर अखबार में 'मोदी की गारंटी' लिखा रहता है। मोदी जी की गांरटी थी- हर साल 2 करोड़ नौकरियां, लोगों के खाते में 15-15 लाख रुपए, लेकिन मोदी ने कुछ भी नहीं दिया। PM मोदी ने सिर्फ युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को धोखा देने का काम किया। जबकि कांग्रेस ने जो भी वादा किया, उसे पूरा करके दिखाया।'

Pradesh 24 News
       
   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button