देश

पांच हत्या और फिर की खुदकुशी: छत से लेकर बरामदे और घर के बाहर तक खून ही खून… चारों ओर बिखरी थीं लाश ही लाश

मैनपुरी

बुधवार 21 जून को बेटे सोनू की शादी से पहले सुभाष ने गांव वालों को दावत दी थी। घर में खुशियों का माहौल था। अगले दिन 22 जून को सोनू बरात लेकर अपनी दुल्हन सोनी को लेने के लिए गया था। 23 जून शुक्रवार को बरात घर वापस आई, फिर रिश्तेदारों व परिचित के बीच शादी की रस्में शुरू हुईं। दुल्हन के साथ रस्मों का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। इसके बाद डीजे चला और घर के सभी लोगों ने देर रात तक डांस कर खुशियां मनाईं। रात करीब दो ढाई तक सभी लोग सो चुके थे, या कहें कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह नशे में थे। सोनू पत्नी सोनी के साथ छत पर सोने के लिए चला गया। वहीं भुल्लन अपने दोस्त और बहनोई के साथ बरामदे में मंडप के पास ही पड़े गद्दे पर लेटा था। सुभाष, उनकी पत्नी और बेटी घर के बाहर सो रहे थे। सुबह होते ही शादी की खुशियों वाले घर में अचानक चीख पुकार मच गई। घर में छत से लेकर बरामदे और घर के बाहर खून ही खून नजर आ रहा था। हर ओर रोते बिलखते परिजन के चेहरे उनके दर्द को बयां कर रहे थे।

मैनपुरी में छोटे दो भाइयों, नवविवाहिता और बहनोई समेत पांच की गला काटकर हत्या
मैनपुरी के किशनी गांव के गोकुलपुर अरसारा में शनिवार की सुबह बड़े भाई ने दो छोटे भाइयों, नवविवाहित बहू, भाई के दोस्त सहित पांच लोगों की फरसा से काट कर हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी और मामी पर भी हमला किया। लेकिन दोनों किसी तरह बच गईं। पिता ने रोका तो उनके हाथ में भी फरसा मार दिया। वह भी घायल हुए हैं। हत्याओं को अंजाम देने के बाद खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पिता ने कहा कि कर्ज न चुका पाने पर मानसिक रूप से परेशान था, इसीलिए हत्याकांड को अंजाम दिया है। हत्याकांड से गोकुलपुर गांव दहल गया। एडीजी और आईजी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। एडीजी राजीव कृष्ण का कहना है कि जब तक घायलों को होश नहीं आ जाता तब तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सकता। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव गोकुलपुर अरसारा निवासी सुभाष चंद्र के तीन पुत्रों में सबसे बड़ा शिववीर यादव (28) पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। भाई सोनू की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। जनपद इटावा के गांव गंगापुर से भाई की बरात बहू सोनी (20) को विदा करा कर शुक्रवार को घर लौटी थी।
 
दिन भर शादी की रस्में चलीं, रात को एक बजे तक डीजे बजा और खूब नाच गाना हुआ। इस बीच शिववीर ने कोल्डड्रिंक भी पिलाई। इसके कुछ देर बाद ही सभी लोग सोने के लिए चले गए। शिववीर ने छत पर सो रही नवविवाहित बहू सोनी पर फरसा से वार कर मौत के घाट उतार दिया। पास ही सो रहे उसके पति मझले भाई सोनू (24) पर फरसा से कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद नीचे आकर आंगन में सो रहे छोटे भाई भुल्लन (22), बहनोई सौरभ (23) निवासी चांदा हविलिया थाना किशनी और भुल्लन के दोस्त दीपक उपाध्याय (20) निवासी फिरोजाबाद की गला काट कर हत्या कर दी। गुस्से में आरोपी ने घर के बाहर सो रही पत्नी डॉली और मामी सुषमा पत्नी विनोद निवासी नगला रामलाल थाना भरथना जनपद इटावा पर हमला किया।
 
इस बीच वह लोग जाग गए और शोर मचा दिया। सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुए इस घटनाक्रम के बाद आरोपी ने घर के पीछे जाकर तमंचा से खुद के सिर में गोली मार कर खुदकुशी कर ली। गोली चलने की आवाज और परिजन की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। पांच लोगों की हत्या से गांव के लोग दहल उठे। एडीजी राजीव कृष्ण और आईजी आगरा जोन दीपक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। एसपी विनोद कुमार सहित कई थानों की फोर्स गांव पहुंच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं मृतक की पत्नी व मामी की हालत गंभीर बनी हुई है।

Pradesh 24 News
       
   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button