खेल

अंबाती रायडू की बड़ी भविष्यवाणी, एमएस धोनी के बाद ये खिलाड़ी बनना चाहिए CSK का कप्तान

नई दिल्ली
एमएस धोनी के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का कप्तान किसे होना चाहिए? इसे लेकर काफी समय से बहस चल रही है। संभावना जताई जा रही है कि आईपीएल 2024 धोनी का बतौर खिलाड़ी आखिरी सीजन हो सकता है। धोनी के पिछले साल ही आईपीएल से रिटायरमेंट लेने की चर्चा थी लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। टीम इंडिया और सीएसके के पूर्व बल्लेबाज अंबाती रायडू ने अब एक बड़ी भविष्यवाणी की है। रायडू को लगता है कि धोनी के बाद चेन्नई टीम की बागडोर 26 वर्षीय ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को मिल सकती है।

रायडू से जब द रणवीर शो में पूछा गया कि धोनी के रिटायरमेंट के बाद सीएसके की कप्तानी कौन करेगा? इसके जवाब में रायडू ने कहा, ''मुझे लगता है कि आइडियली यह जिम्मेदारी गायकवाड़ को मिलनी चाहिए। लेकिन देखते हैं कि क्या होता है।'' बता दें कि गायकवाड़ ने 2020 में सीएसके की ओर से आईपीएल डेब्यू किया। उन्होंने 2021 में 16 मैचों में 635 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। गायकवाड़ ने सीएसके को 2021 और 2023 में खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पिछले सीजन में 590 रन जुटाए थे।

गायकवाड़ उन चार खिलाड़ियों में से थे, जिन्हें सीएसके ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया। उन्होंने कुल 52 आईपीएल मैचों में 39.07 की औसत से 1797 रन जोड़े हैं, जिसमें एक सेंचुरी और 14 फिफ्टी शामिल हैं। गौरतलब है कि सीएसके ने आईपीएल 2023 में पांचवीं ट्रॉफी जीती थी, जिसके बाद रायडू ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया। रायडू ने 42 वर्षीय धोनी की कप्तानी और भारतीय क्रिकेट में उनकी विरासत की प्रशंसा की। धोनी सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीती। साथ ही धोनी की अगुवाई में सीएसके ने 5 आईपीएल खिताब और 2 चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

38 वर्षीय रायडू ने कहा, ''हर कोई जानता है कि उन्होंने (धोनी) अनेक खिलाड़ियों से सभी फॉर्मेट में उनके सर्वोत्तम निकलवाया है। यहां तक कि उन्होंने सीएसके के लिए खेलने वाले कई विदेशी प्लेयर्स से भी उनका बेस्ट निकलवाया। मुझे लगता है कि यह खासियत उनमें है। मुझे नहीं मालूम इसे कैसे व्यक्त किया जाए क्योंकि या तो उनपर आशीर्वाद है या उन्होंने इतने वर्षों तक खेलते हुए इस चीज को विकसित किया है।'' उन्होंने आगे कहा कि कभी-कभी ऐसा लगता है कि धोनी गलत निर्णय ले रहे हैं लेकिन उनकी कप्तानी के फैसले 99.9 फीसदी सही साबित होते हैं।

 

Pradesh 24 News
       
   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button